• Breaking News

    Friday, 14 April 2017

    चेन्नै: समय पर बिजली बिल नहीं चुकाने वालों के लिए अब प्रीपेड मीटर्स, पहले ही कराना होगा रिचार्ज

    सरकारी विभागों सहित बिजली के वे तमाम उपभोक्ता जो कि महीने का बिल चुकाना भूल जाते हैं या फिर चुकाते ही नहीं, उनके लिए बुरी खबर है। जल्द ही लागू होने जा रहे एक नए नियम के मुताबिक, आप जितनी बिजली का इस्तेमाल करना चाहते हैं, उसके लिए आपको पहले ही कीमत चुकानी होगी। ऐसे लोग जो कि अक्सर ही बिल नहीं चुकाते, उनपर यह नया नियम लागू होगा। बिजली विभाग ऐसे उपभोक्ताओं के यहां लगे प्रीपेड मीटर बिल्कुल प्रीपेड सिम कार्ड की तर्ज पर काम करते हैं। विद्युत विभाग के एक अधिकारी ने बताया, 'ऐसे उपभोक्ताओं की औसत बिजली खपत के आधार पर विभाग उनकी मासिक खपत तय कर देगा। नियमित बिल नहीं चुकाने वाले सरकारी विभागों और दफ्तरों के साथ भी ऐसा ही किया जाएगा। ऐसे उपभोक्ताओं को तमिलनाडु विद्युत निगम से प्रीपेड मीटर्स खरीदने होंगे। ऐसे मीटर्स में एक तरह की घंटी लगी होगी, जो कि समय रहते उपभोक्ता को बता देगी कि वे अपने हिस्से की बिजली खर्च कर चुके हैं। फिर जबतक वे अपना अकाउंट रिचार्ज नहीं करते, तब तक उन्हें बिजली नहीं दी जाएगी।'

    मोबाइल फोन्स की ही तरह बिजली आपूर्ति के लिए भी इन उपभोक्ताओं के सामने 500, 200 और 100 रुपये के रिचार्ज कूपनों का इस्तेमाल कर अपना अकाउंट रिचार्ज कराने का विकल्प होगा। एक अधिकारी ने बताया, 'इस नई व्यवस्था के कारण ना केवल विद्युत निगम को समय पर भुगतान मिल जाएगा, बल्कि इन मीटर्स के कारण बिजली की चोरी को रोकने में भी मदद मिलेगी।' अधिकारी ने आगे बताया, 'हम तेलंगाना के विद्युत निगम द्वारा लगाए गए प्रीपेड मीटर सिस्टम के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल कर रहे हैं। आंध्र प्रदेश ने भी इस तरह के मीटर लगाए हैं। ज्यादातर सरकारी विभाग महीनों और सालों तक बिजली बिल का भुगतान नहीं करते। सरकारी विभाग इसके लिए काफी कुख्यात हैं।' अधिकारी ने बताया कि विभिन्न सरकारी विभागों पर निगम का करीब 500 करोड़ रुपया बकाया है।

    No comments:

    Post a Comment

    Fashion

    Beauty

    Travel